Tuesday, 18 August 2026

पाकिस्तान में कितने हिन्दू? - खुशदीप सहगल

 पाकिस्तान में कितने हिन्दू? - खुशदीप सहगल


पाकिस्तान में कितने हिन्दू रहते हैं? पाकिस्तानी राष्ट्रपति आसिफ़ अली ज़रदारी ने 14 अगस्त को अपने संबोधन में पाकिस्तान में हिन्दुओं की आबादी 3 से 4 फ़ीसदी बताई. इसे लेकर इंटरनेट पर बहस छिड़ गई है...

हालांकि, पाकिस्तान सरकार की 2023 की आधिकारिक जनगणना के आंकड़े राष्ट्रपति के दावे को खारिज करते हैं. इसके अनुसार, पाकिस्तान में हिंदुओं की कुल आबादी लगभग 52 लाख है, जो देश की कुल जनसंख्या का केवल 2.17% ही है. जबकि पाकिस्तान हिन्दू पंचायत और हिन्दू काउंसिल कहती है कि ये संख्या क़रीब 80 लाख है... 

1947 में पाकिस्तान की आबादी में हिन्दुओं की हिस्सेदारी क़रीब 14.6% थी, जो 2023 की जनगणना के मुताबिक़ घटकर 2.17% रह गई... 

पाकिस्तान में 90 फ़ीसदी हिन्दू आबादी सिंध के 10 ज़िलों में रहती है. पंजाब में ढाई लाख, बलूचिस्तान में 60 हज़ार और ख़ैबर पख़्तूनख़्वा में तक़रीबन 6 हज़ार हिन्दू आबादी बताई जाती है...

बंटवारे के दौरान और उसके तुरंत बाद करीब 47 लाख हिंदू और सिख पाकिस्तान छोड़कर भारत आ गए थे. साल 1951 में जब पाकिस्तान में पहली बार आधिकारिक जनगणना कराई गई, तो पश्चिमी पाकिस्तान में हिंदुओं की आबादी सिमटकर केवल 1.6 प्रतिशत (करीब 5.3 लाख) ही रह गई थी. इसके बाद दशकों तक यह आंकड़ा बेहद कम बना रहा. 1998 की जनगणना में भी हिंदुओं की आबादी 1.6 प्रतिशत दर्ज की गई थी. वर्तमान में अलग-अलग रिपोर्ट्स और हालिया गणना के मुताबिक, पाकिस्तान में हिंदुओं का प्रतिशत 1.6 से 2.17 फीसदी के आसपास बना हुआ है...

पाकिस्तान की पूरी आबादी में सिंध प्रांत का उमरकोट जिला एक अनोखा उदाहरण है. यह पाकिस्तान का एकमात्र ऐसा जिला है, जहां आज भी 52 प्रतिशत आबादी हिंदू है और वे बहुसंख्यक हैं. पूरे पाकिस्तान की बात करें तो देश में 96 से 97 प्रतिशत आबादी मुसलमानों की है, जिनकी संख्या करीब 24 करोड़ है. इनमें से 85 से 90 प्रतिशत सुन्नी और 10 से 15 प्रतिशत शिया मुसलमान हैं. वहीं, ईसाइयों की बात की जाए तो वे कुल आबादी का 1.37 से 1.5 प्रतिशत (लगभग 32 से 33 लाख) हैं, जो मुख्य रूप से पंजाब और सिंध प्रांत में बसे हैं...

No comments:

Post a Comment