Thursday, 17 September 2026

पर्दे में रहने दो - जौली अंकल

पर्दे में रहने दो - जौली अंकल


जिंदगी की दौड़ में अक्सर हम अपनी खुशियां और सपने उन लोगों के सामने खोलकर रख देते हैं, जो हमारे संघर्ष को समझे बिना ही हमारी भावनाओं का मोल लगाने लगते हैं। जब कोई सपना दिल के करीब हो, तो उसे दुनिया के शोर से बचाकर रखना ही उसकी सबसे बड़ी सुरक्षा है। हमारी हिंदी फिल्म का प्रसिद्ध गाना 'पर्दे में रहने दो पर्दा न उठाओ' हमें यही सिखाता है। फिल्में सिर्फ मनोरंजन नहीं करतीं, बल्कि जिंदगी के बड़े सबक भी हंसते-हंसते दे जाती हैं। जब तक काम पूरा न हो जाए, तब तक सिर्फ शुरुआत का ढिंढोरा पीटने से कोई फायदा नहीं होता।

मनोवैज्ञानिक दृष्टिकोण से देखें तो जब आप किसी बड़े इम्तिहान, नौकरी के इंटरव्यू, नए बिजनेस या शादी की बात फाइनल होने से पहले ही ढोल बजाने लगते हैं, तो आपका दिमाग उस काम को पूरा मानकर आलसी होने लगता है। पश्चिमी देशों में लोग अनुबंध फाइनल होने तक अपनी गोपनीयता बनाए रखते हैं। इसके विपरीत, भारत में नया विचार आते ही या रिश्ता पक्का होने की हल्की सी आहट मिलते ही युवा सोशल मीडिया पर स्टेटस लगा देते हैं। इससे काम बनने से पहले ही नजर लग जाती है या लोगों के फालतू सवाल आपका मानसिक तनाव बढ़ा देते हैं।

मनोविज्ञान कहता है कि जब आप अपने लक्ष्यों को पहले ही दूसरों से शेयर कर देते हैं, तो दिमाग में डोपामाइन निकलना शुरू होता है। इससे बिना काम किए ही दिमाग को सफलता की झूठी खुशी मिल जाती है और हमारा मेहनत करने का जुनून खत्म हो जाता है। आचार्य चाणक्य ने भी कहा था कि अपने आर्थिक नुकसान, घर के क्लेश और अपमान की बातें कभी किसी तीसरे इंसान को नहीं बतानी चाहिए। अगर आप अपने रिश्तों के झगड़े दोस्तों के साथ साझा करेंगे, तो लोग मदद करने के बजाय पीठ पीछे आपका मजाक बनाएंगे। इसलिए अपनी आय, अगले प्लान, परिवार की बातें और कमजोरियां हर किसी के सामने मत परोसिए, क्योंकि हर मुस्कुराता चेहरा आपका शुभचिंतक नहीं होता।

इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि हम अपनी हर बात अंदर ही घोटते रहें। बात सिर्फ इतनी है कि क्या, कब और किससे शेयर करना है, इसका चुनाव समझदारी से होना चाहिए। जब मन भारी हो या करियर, कानूनी या चिकित्सीय सलाह की जरूरत हो, तब जरूर बात करें। लेकिन यह बातें सिर्फ माता-पिता, सच्चे दोस्तों, जीवनसाथी या विशेषज्ञों से ही शेयर करें, जो बात को गुप्त रख सकें। साझा करने का मजा तब है जब सामने वाला सही राह दिखाए, न कि आपकी बात का इस्तेमाल करके समाज में आपकी छवि खराब करे। हर राह चलते इंसान को अपना हमदर्द समझना बेवकूफी है।
 
आजकल के युवाओं को अपनी हर छोटी-बड़ी बात तुरंत इंस्टाग्राम, फेसबुक या व्हाट्सएप पर पोस्ट करना 'कूल' लगता है। लेकिन शोध बताते हैं कि अपनी निजी जिंदगी को सोशल मीडिया पर नीलाम करना आपकी मानसिक और शारीरिक सेहत के लिए नुकसानदेह है। जब आप अपनी निजी जिंदगी सार्वजनिक कर देते हैं, तो आप दूसरों के आकलन, लाइक और कमेंट्स के दबाव में जीने लगते हैं। इससे नींद उड़ जाती है, घबराहट बढ़ती है और उच्च रक्तचाप जैसी समस्याएं शुरू हो जाती हैं। अपनी प्राइवेसी को संभालकर रखना पुरानी सोच नहीं, बल्कि मानसिक शांति का कवच है।

एक बात हमेशा याद रखो कि आपकी जिंदगी कोई रियलिटी शो नहीं है जिसके लिए दर्शकों की तालियों की जरूरत पड़े। अपने सपनों और रिश्तों की गरिमा को पर्दे के पीछे ही पकने दीजिए। सफलता का मजा तभी आता है जब मेहनत खामोशी से हो और परिणाम का शोर पूरी दुनिया सुने। अपनी खुशियों को दुनिया की नजर से बचाइए, दुखों को समझदार लोगों के साथ सुलझाइए और सोशल मीडिया की झूठी चमक-धमक से बाहर निकलकर अपनी असली जिंदगी का आनंद लीजिए। जब तक मंजिल हाथ न आ जाए, 'पर्दे में रहने दो' के नियम को याद रखिए, क्योंकि पर्दे में ही आपकी भलाई, सुरक्षा और असली ताकत छिपी है।

*जौली अंकल*

No comments:

Post a Comment