Friday, 27 November 2026

छठ महापर्व - आस्था का उजाला - डॉ अनुपमा वर्मा "हेमा "

छठ महापर्व - आस्था का उजाला - डॉ अनुपमा वर्मा "हेमा "

सूरज की पहली किरण जब, धरती को जगाती है,
छठी मैया के चरणों में, हर श्रद्धा शीश झुकाती है।
नदी किनारे दीप जलें, गूंजें मंगल गान,
व्रत की पावन शक्ति से, खिल उठता हिंदुस्तान।
निर्जल रहकर माताएँ, करतीं कठिन उपवास,
संतान की खुशहाली में, बसता उनका विश्वास।
डूबते सूरज को अर्घ्य दें, उगते सूरज को प्रणाम,
प्रकृति की पूजा में मिलता, जीवन का पैगाम।
ठेकुआ की मीठी खुशबू, प्रसाद का सम्मान,
सादगी और पवित्रता से, महक उठे हर धाम।
न कोई ऊँच-नीच यहाँ, न कोई भेदभाव,
एक घाट पर मिल जाता है, प्रेम और सद्भाव।
हे सूर्यदेव! जग को देना, ऊर्जा का वरदान,
हर आँगन में खुशियाँ रखना, रोशन रहे जहान।

डॉ अनुपमा वर्मा "हेमा "
Punjab 

No comments:

Post a Comment