Tuesday, 24 November 2026

शुक्रिया कहो, खुशियाँ पाओ - जौली अंकल

शुक्रिया कहो, खुशियाँ पाओ

ज़िंदगी की भागदौड़, तनाव और टेंशन देखकर कभी-कभी लगता है कि हमारे दिमाग में कोई ऐसा सॉफ़्टवेयर इंस्टॉल हो गया है, जो दिन भर सिर्फ़ शिकायतें डाउनलोड करता रहता है। सुबह आँख खुलते ही दिमाग का इंटरनेट चालू हो जाता है। महंगाई बढ़ गई है, ट्रैफ़िक ने दिमाग का दही कर दिया और बॉस ने ऐसे घूरा, जैसे हम उसके बैंक के लोन डिफ़ॉल्टर हों। लेकिन सच कहें तो अगर हम ज़िंदगी के रिमोट का बटन थोड़ा बदल दें और शिकायतों वाले चैनल से हटकर "शुक्रिया" वाले चैनल पर आ जाएँ, तो जीने का मज़ा ही बदल जाता है। आभार जताना कोई भारी-भरकम फ़लसफ़ा नहीं है। यह खुशियों का ऐसा एक्सप्रेसवे है, जिस पर बिना टोल टैक्स के खुशियों की गाड़ियाँ सरपट दौड़ती हैं।

अब सवाल यह है कि कृतज्ञता आख़िर है क्या और यह काम कैसे करती है? क्या किसी को औपचारिकता में "धन्यवाद" कह देना ही आभार है? बिल्कुल नहीं। यह तो वैसा ही है, जैसे रेस्टोरेंट में वेटर को झूठी मुस्कान के साथ "थैंक यू भैया" बोल देना। असली आभार वह एहसास है, जो दिल के किसी कोने से निकलता है। जब हम सच्चे मन से महसूस करते हैं कि हमारे पास जो कुछ भी है, उसके लिए हम शुक्रगुज़ार हैं, तब हमारा दिमाग नेगेटिविटी वाले फ़ालतू ऐप्स अनइंस्टॉल करने लगता है। माना जाता है कि आभार व्यक्त करने से शरीर में डोपामाइन और सेरोटोनिन जैसे "खुशी वाले हार्मोन" बढ़ते हैं, जिससे मन हल्का और सकारात्मक हो जाता है। इसलिए कृतज्ञता जीवन की हर छोटी-बड़ी चीज़ को सकारात्मक नज़र से देखने की आदत है।

अब बात आती है कि हम किन चीज़ों के लिए और किस अंदाज़ में आभार जताएँ। शुरुआत ब्रह्मांड से होती है। हम हर सुबह उठते ही दिल से कहते हैं, "हे ब्रह्मांड, इस अद्भुत जीवन और सुंदर शरीर के लिए धन्यवाद। प्रकृति, पेड़-पौधों और धरती माता के लिए कोटि-कोटि धन्यवाद, जो हमें भोजन, आश्रय और जीवन देती हैं। सूर्य की ऊर्जा, पानी और भोजन के लिए शुक्रिया।" फिर हम कहते हैं, "मेरे जीवन में बहुत खुशियाँ आ रही हैं और यह प्रवाह हर दिन बढ़ रहा है। जितनी खुशियों की मैंने कल्पना की थी, आप मुझे उससे कहीं ज़्यादा दे रहे हैं, इसके लिए शुक्रिया। अब खुश रहना मेरे लिए बहुत आसान हो गया है।" फिर जब हम आसपास देखते हैं, तो लगता है कि जीवन में खुशियों की बारिश शुरू हो गई है। साथ ही हम ऊपरवाले का बार-बार धन्यवाद करते हैं कि हमारी साँसें चल रही हैं और हम व हमारे अपने सब स्वस्थ, फ़िट और खुश हैं।

इस आभार यात्रा में हम अपनों और मददगारों को भला कैसे भूल सकते हैं? हम धन्यवाद करते हैं अपने सभी आदरणीय गुरुओं और मेंटर्स का, जिन्होंने हमें ए.बी.सी.डी. से लेकर ज़िंदगी के बड़े-बड़े पाठ तक पढ़ाए। अपने माता-पिता का, जिनकी दुआओं का कवच हमेशा हमारे साथ रहता है। अपने जीवनसाथी का, जो हर अच्छे-बुरे वक़्त में चट्टान की तरह साथ खड़ा रहता है। अपने भाई-बहनों, जिगरी दोस्तों और रिश्तेदारों का, जिनके साथ और सहारे से जीवन महक उठता है। उन घरेलू कामगारों और डोमेस्टिक हेल्प का भी शुक्रिया, जो हमारे रोज़ के जीवन को इतना आसान बनाते हैं। और सबसे बड़ी बात, हम खुद के प्रति भी शुक्रगुज़ार हैं कि हम इतने मज़बूत हैं। ज़रा सोचकर देखें, जब हम सबके लिए दिल से आभार जताते हैं, तो हमारे रिश्ते इतने मीठे हो जाते हैं कि घर का माहौल फ़ाइव-स्टार होटल के लाउंज जैसा लगने लगता है, जहाँ चिंता, तनाव और झगड़े की गुंजाइश ही नहीं बचती।

अंत में जौली अंकल का सच्चे दिल से यही संदेश है कि खुश रहने का सबसे आसान तरीका हर पल आभार प्रकट करना है। लाफ़्टर योग के जनक डॉ. मदन कटारिया भी मानते हैं कि अगर हम पूरी ज़िंदगी को उत्सव बनाना चाहते हैं, तो आज से और अभी से हमेशा शुक्रगुज़ार और कृतज्ञ रहना होगा। इसलिए हम सब मिलकर हँसें और खुलकर कहें, "बहुत अच्छा, बहुत अच्छा, वेरी गुड, वेरी गुड, ये!" हमें याद रखना चाहिए कि हमारी मुस्कान ही हमारी असली पहचान है। इसलिए हम चेहरे पर हमेशा सौ प्रतिशत वाली मुस्कान बनाए रखें और हर चीज़ के लिए दिल से कहें, "थैंक्स फ़ॉर एवरीथिंग।"

*जौली अंकल*

No comments:

Post a Comment