Wednesday, 18 November 2026

दीया - डॉ० उषा पाण्डेय 'शुभांगी'

दीया - डॉ० उषा पाण्डेय 'शुभांगी'

शुभं करोति कल्याणम् आरोग्यम् धनसंपदा।
शत्रुबुद्धि विनाशाय
दीपज्योतिर्नमोस्तुते।

दीपज्योति:
परब्रह्म
दीपोज्योतिर्जनार्दन:।
दीपो हरतु मे पापं
दीपज्योतिर्नमोस्तुते।

चौदह वर्ष वनवास काट, प्रभु राम,  सीता जी,  लक्ष्मण जी संग अयोध्या आए।
अयोध्या वासी बहुत खुश हुए, दीप जलाए, अवध नगरी को सजाए। 
दीए शुभता प्रदान करते, देते सुख समृद्धि।
धन, संपदा हम पाते, होती हमारी खुशियों में वृद्धि।
एक छोटा सा दीया, दूर भगाता अंधकार।
उजाला यह फैलाता,
करता सदा परोपकार।
खुद दीया जलता, रोशनी फैलाता है।
औरों के जीवन में खुशियाँ भरो, 
बस यही बतलाता है। 
मेहनती होते हैं कुम्हार, मिट्टी को चाक पर चढ़ाते, देते दीए का आकार।
वही दीया उजाला देता, मिटा देता अंधकार। 
शुभ कार्य में दीया, रहता है जरूर।
पर्यावरण को प्रदूषित नहीं करता, प्रकाश देता है भरपूर।
एक छोटा सा प्रकाश, 
अंधकार पर पड़ता भारी।
नकारात्मक ऊर्जा दूर भागती, खुशियों से भरती हमारे जीवन की क्यारी। 
मिट्टी का दीया, धातु का दीया, दीया के कई प्रकार‌।
चाहे दीया जिसका भी हो, खुशियाँ देता है भरमार।
एक दीया सकारात्मकता का, ज्ञान का और अंधकार पर प्रकाश की विजय का है प्रतीक।
दीया हमें सिखलाता, बस कर्तव्य करते रहो और रहो निर्भीक।
दीया हमें बतलाता नि:स्वार्थ काम करो,
और करो परोपकार।
आगे तुम बढ़ते रहोगे, बस धीरज खुद में रखना बरकरार।
दीया सीखाता हमें, त्याग का महत्व।
त्याग से खुशियाँ परिवार में आतीं, बढ़ता अपनत्व।
जलता दीया कहता है, हार से पहले हार नहीं मानना।
अंतिम क्षण तक लड़ते रहना, घमंड को करना फना।
"राम-नाम-मणि- दीप धरु, जीह देहरी द्वार।
'तुलसी' भीतर बाहिरौ, जौ चाहसि उजियार।"
देहरी पर रखा दीया, घर के भीतर और बाहर  प्रकाश है फैलाता।
इस जीभ से निरंतर राम नाम जो कहता,
उसका भी अंदर और बाहर
प्रकाशमय हो जाता।
"जब मैं था तब हरि नहीं, अब हरि हैं मैं नाहिं। 
सब अँधियारा मिट गया,
दीपक देख्या माहिं।"
मैं (अहंकार) जब तक रहता,  हरि के दर्शन नहीं होते।
ज्ञान रूपी दीपक के जलने से, अहंकार रूपि अंधकार मिट जाते, कबीर दास जी कहते। 
चाहे मौसम जैसा भी हो, दीया नहीं मानता हार।
कोई इंसान कमजोर नहीं होता, यही बताता दीया हर बार।
छोटा सा दीया,
जब तूफान से लड़ता है, हमें सिखाता है, कभी न हार मानो। 
दिया हमें बतलाता आकार का महत्व नहीं, इरादा मजबूत,  अटूट हिम्मत और हौसला जिसके पास हो, उसकी जीत निश्चित जानो।

डॉ० उषा पाण्डेय 'शुभांगी'
स्वरचित
वैस्ट बंगाल 

No comments:

Post a Comment