नारी - सीमा मिश्रा ‘संजसी ‘
नारी की शक्ति क्या होती है ,
एक नारी ही उसको जाने ।
दिल की निर्मल यदि होती है ,
तो दुर्गा बनना भी जाने ।।
कमजोर नहीं वो होती है ,
इक लाज उसे पीछे रखती ।
पल में ही उसको कुछ बातें
मन में लज्जित हैं कर देती।
जीवन भर दर्द छुपा रखना ,
बस नारी ही तो है जाने ।।
तानों-बानों से भरा हुआ ,
जीवन है नारी का कहना ।
पुरुषों की तो बात अलग ,
झुककर उसको पड़ता रहना ।।
पुरुष सभी होते राजा ,
सब सहना नारी ही जाने ।
ईमान भरे संस्कार सदा
नारी को सिखलाए जाते
चूक अगर कुछ हो जाए
तो कोंडे भी बरसाए जाते
पुरुषों का तब पौरुष भी
एक नारी ही तो पहचाने ।।
यदि नारी न होती जग में ,
अस्तित्व नहीं नर का होता ।
यह समझ अगर लेता कोई ,
तो दिल उसका फिर क्यों रोता ।।
घर-संसार की गाड़ी को ,
खींचा जाना नारी जाने ।।
एक बात आख़िरी शब्दों से ,
जो चाहूँगी फिर से कहना ।
नर भी सब हों ऐसे जग में ,
दें प्रेम उन्हें बनकर गहना ।।
है नमस्कार उनको मेरा ,
सम्मान सदा करना जाने ।।
सीमा मिश्रा ‘संजसी ‘
सीतापुर (उत्तर प्रदेश

No comments:
Post a Comment