नारी हूँ - अम्बिका 'अंशु'
"संस्कार से चलती हूँ
सम्मान की रक्षा करती हूँ।
संस्कृति धर्म निभाने में,
मैं कर्म सर्वोपरि रखती हूँ।
मैं सृजनकारी जननी हूँ,
अर्द्धांगिनी कहलाती हूँ।
अधरों पर मुस्कान सज़ा,
मैं हर कर्तव्य निभाती हूँ।
हर कार्य में तत्पर रहती,
खुद के लिए ही वक्त नहीं।
संपूर्ण बनाती हूँ सबको,
मैं चाहूँ ताज ओ तख्त नहीं।।
हर लड़ाई की जड़ नारी,
देते हैं मुझको दोष सभी।
किसी पुरुष ने मुझे बताओ,
क्या मानी है अपनी खोट कभी?
भ्रूण हत्या की दोषी हूँ या
बाल विवाह अपनी मर्जी से किया?
क्या सती प्रथा को बोलो तुम,
मैंने ख़ुद से ही अंजाम दिया??
क्या सीता बन आंँचल में,
ख़ुद मैंने दोष लगाया है।।
अहिल्या के रूप में बोलो क्या?
मैंने धोखा नहीं खाया है।
हर नर दैत्य समान नहीं,
न दोष मुक्त हर नारी है
लेकिन यह कड़वा सच भी है,
दोषी हर अत्याचारी है।।
किसी शराबी के हाथों को
क्या किसी पुरुष ने रोका है
या गाली देती हर जुबान को,
कभी किसी ने टोका है।?
कह दो आज़ मेरे मन के
क्या प्रश्न सभी ये झूठे हैं।
क्यों नारी की बातों से
अपने ही रहते रूठे हैं।।
सबने देखा रानी झांँसी
रण में लड़ने खड़ी हुई
पौरुष दिखला वह नारी,
सारे ही नरों से बड़ी हुई।।
जीत का सेहरा बांँधा तुमने,
संघर्षों में पांँव क्यों पीछे मोड़ लिया?
जब-जब नारी पर उठा सवाल
उसे तन्हा क्यों छोड़ दिया।।
क्या मैं बोझ बनी तुम पर
या मैं तुम पर भारी हूँ।
मेरा तो सौभाग्य है ये
मैं भारत की नारी हूँ।"
अम्बिका 'अंशु'
Bihar

No comments:
Post a Comment