जो चाहो सो पाओ - जौली अंकल
क्या आप जानते हैं कि आपके भीतर एक ऐसा सुपर रोबोट बैठा है जो आपकी हर बात बिना किसी सवाल के सच करने में जुटा है। पर दुख की बात यह है कि आप हर दिन उसे अपनी ही बर्बादी के ऑर्डर दे रहे हैं। मुझसे यह काम नहीं होगा, मेरी किस्मत ही खराब है, मेरे पास पैसे रुकते ही नहीं। जब आप दिन रात यही दुखी राग अलापते हैं तो आपका अवचेतन मन चुपचाप कहता है तथास्तु। और फिर आप सिर पकड़कर बैठ जाते हैं कि मेरे साथ ही ऐसा क्यों होता है। हकीकत यह है कि हमारा अवचेतन मन हुक्म का गुलाम है। इसे सही गलत, सच या कल्पना का कोई फर्क समझ नहीं आता। आप इसे जो भी विचार बार-बार देंगे, यह उसे ही सच बनाने में अपनी पूरी ताकत लगा देगा। इसलिए अगर आप जिंदगी में जो चाहते हैं और वही सब कुछ पाना चाहते हैं, तो सबसे पहले अपने मन को सही, स्पष्ट और सकारात्मक निर्देश देना शुरू कीजिए।
जीवन के किसी भी क्षेत्र में सफलता की पहली शर्त है कि आपके विचारों और माइंडसेट में शीशे जैसी स्पष्टता होनी चाहिए। मान लीजिए आप किसी ऑटो वाले से कहें कि मुझे कहीं ले चलो, तो वह आपको कहाँ छोड़ेगा। ज़ाहिर है कि वह आपको कहीं नहीं छोड़ेगा। ठीक ऐसे ही जब तक आपके दिमाग में आपका विज़न और लक्ष्य क्लियर नहीं होगा, अवचेतन मन भटकता रहेगा। अपने जीवन के लिए एक ठोस मास्टर प्लान बनाएँ। आपको क्या चाहिए, जैसे बेहतर सेहत, शानदार करियर, खूब सारा पैसा या भरपूर मानसिक शांति। जब लक्ष्य स्पष्ट हो जाता है तब आपकी कल्पना और विज़न का असली खेल शुरू होता है। अपने दिमाग की स्क्रीन पर अपने सपनों की धुंधली तस्वीरों को हटाकर एक साफ़ और चमकदार फिल्म चलाना शुरू कीजिए।
अपने अवचेतन मन को प्रशिक्षित करने के लिए आपको रोज़ाना कुछ बेहद असरदार तरीकों का अभ्यास करना होगा।
• विजुअलाइजेशन: रोज़ रात को सोने से पहले अपनी आँखों को बंद करें और अपने लक्ष्य को पूरा होता हुआ महसूस करें। इसे ऐसे देखें मानो वह घटना वर्तमान में सच हो चुकी है। उस सफलता से मिलने वाली खुशी और उत्साह को अपने पूरे शरीर में महसूस करें।
• सकारात्मक बातें दोहराएं: जैसे ही मन में कोई नकारात्मक विचार आए तो उस पर तुरंत रोक लगाएं। खुद से कहें कि आप सक्षम, सफल और आत्मविश्वासी हैं। अपनी इच्छाओं को हमेशा वर्तमान काल में बोलें, जैसे मैं दिन प्रतिदिन सफल हो रहा हूँ।
• सोने से ठीक पहले का समय: रात को सोने के ठीक पहले और सुबह उठते ही हमारा अवचेतन मन सबसे ज्यादा सक्रिय होता है। इस खास समय में कोई फालतू ड्रामा या नकारात्मक खबरें देखने के बजाय केवल प्रेरणादायक विचार ही सोचें।
• ध्यान: रोज़ाना कम से कम 10 से 15 मिनट ध्यान करें। ध्यान करने से चेतन मन का शोर शांत होता है और सकारात्मक बातें सीधी अवचेतन मन की गहराई तक पहुँच पाती हैं।
• लगातार अभ्यास: सालों पुराने नकारात्मक विचारों को बदलने में थोड़ा समय लगता ही है। इन सभी आदतों को कम से कम 21 से 40 दिनों तक लगातार दोहराएं ताकि यह आपके स्वभाव का हिस्सा बन जाएं।
इसे एक मज़ाकिया उदाहरण से समझिए। जैसे जब कोई व्यक्ति पहली बार कार चलाना सीखता है तो उसका पूरा ध्यान क्लच, ब्रेक और स्टीयरिंग पर होता है। वह बगल में बैठे दोस्त से बात तक नहीं कर पाता क्योंकि चेतन मन पूरी तरह व्यस्त होता है। लेकिन कुछ ही हफ़्तों के अभ्यास के बाद वही ड्राइविंग अवचेतन मन में सेट हो जाती है। फिर व्यक्ति आराम से गाने सुनते हुए और पार्टी के सपने देखते हुए भी सही गियर बदल लेता है। ठीक इसी तरह जब आप अपने सकारात्मक विचारों का अभ्यास बार-बार करते हैं तो सफलता पाना आपके लिए उतना ही आसान और स्वाभाविक हो जाता है जितना कि सांस लेना।
याद रखिए कि आप अपनी किस्मत के खुद ही लेखक हैं और आपका अवचेतन मन आपकी किस्मत की कहानी को हकीकत में बदलने वाला सबसे बड़ा डायरेक्टर है। निराशा को दूर फेंकिए और अपनी असीमित क्षमताओं पर विश्वास कीजिए। चेहरे पर एक मीठी सी मुस्कान सजाएं क्योंकि एक छोटी सी मुस्कान बड़े से बड़े तनाव को चुटकी में गायब कर सकती है। अपने अवचेतन मन को आज ही से सफलता, स्वास्थ्य और खुशियों के नए निर्देश देना शुरू कीजिए। जब आपकी नीयत साफ़ होगी और अवचेतन मन पर भरोसा पक्का होगा तो पूरी दुनिया आपको आपकी मंज़िल तक पहुँचाने में जुट जाएगी। जौली अंकल की ओर से आप सभी के लिए यही संदेश है कि बाहर से खुद को मजबूत बनाने से पहले खुद को अंदर से मजबूत बनाइए। जब आपका अवचेतन मन और विचार अंदर से शक्तिशाली बन जाएंगे, उसके बाद आप वह सब कुछ हासिल कर पाएंगे जो आप जीवन में पाना चाहते हैं। हंसते रहिए, मुस्कुराते रहिए और हर दिन अपने सपनों को हकीकत में बदलते देखिए।
- जौली अंकल

No comments:
Post a Comment