Wednesday, 11 November 2026

उपासना - डॉ०; उषा पाण्डेय 'शुभांगी'

उपासना - डॉ०; उषा पाण्डेय 'शुभांगी' 


उपासना, उप(समीप),   
आसन या आसना (बैठना),
कुछ देर ईश्वर के पास बैठो, मन में उनका ध्यान धरो।
प्रभु को नमन करो, 
उनके गुण आत्मसात करो। 
अपने अहंकार तजो,
स्वार्थ भावना त्याग करो।
पुण्य का काम सदैव करो, पाप से तुम डरो।
कौन यहांँ रहा है भू पर, सबको एक दिन जाना है।
धन-दौलत यही रह जाएगा, कुछ भी नहीं साथ जाना है।
प्रभु की कृपा के बिना, पत्ता भी नहीं हिल पाता।
कण-कण में व्याप्त हैं प्रभु, जोड़ लो बस उनसे नाता।
समस्या जब सामने आती, प्रभु करते समाधान है।
जो जैसा कर्म करता, वैसा ही फल पाता, यही विधि का विधान है।
उपासना से मन में शांति आती, 
बढ़ता आत्मविश्वास है।
नकारात्मकता दूर होती, सकारात्मक ऊर्जा का होता वास है। 
उम्मीद का दामन थामे रहना, होना नहीं निराश।
उपासना करते रहो, 
दुर्गुणों का होगा
नाश।
परोपकार सदा करना, लालच से तुम रहना दूर।
भक्ति भाव मन में रखना, उपासना करना जरूर। 
भगवान विष्णु के अवतारों की उपासना, वैष्णव उपासना कहलाती है।
आदिशक्ति की उपासना, शाक्त उपासना बन जाती है।
भगवान सूर्य की आराधना, सूर्य 
उपासना कहलाती।
भगवान गणेश की उपासना, गाणापत्य उपासना मानी जाती।
सगुन और निर्गुण, उपासना के हैं प्रकार।
मानव, बस उपासना करो, 
हो जाएगा बेड़ा पार।
नियमित उपासना से मन होता निर्मल, शुद्ध होते विचार। 
विनम्रता हममें आती, दूर होते मन के विकार।
ईश्वर के संग कुछ समय बिताओ, उपासना करो।
जो कुछ प्रभु ने हमें दिया है, उसके लिए विभु का धन्यवाद करो।
उपासना में कोई स्वार्थ न हो, बस आराध्य का ध्यान रहे।
ईश्वर को सर्वस्व मानो, खुद को प्रभु का सेवक जानो, 'सेवक-सेव्य भाव' रहे।
'अहम्-भाव' त्यागो, तभी उपासना कर पाओगे।
सच्ची उपासना कर लो मनुष्य, प्रभु की शरण में जाओगे। 
कबीर दास जी ने कहा,
'मन के हारे हार है, मन के जीते जीत।
कहै कबीर हरि पाइए, मन ही की परतीत।'
मन में दृढ़ विश्वास हो, प्रभु की कृपा मिलेगी। 
काम, क्रोध, मद, लोभ, तज,
जीवन की बगिया खिलेगी।
उपासना से सही निर्णय लेते हम, गलत-सही में भेद कर पाते। 
रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती, स्वस्थ शरीर हम पाते।
संयम बढ़ता उपासना से, सही राह प्रभु हमें दिखाते।
उपासना से ही, खुशियाँ हम सब पाते।
रिश्ते, नाते, परिवार, मित्र, सब यहीं रह जाएंगे।
उपासना करते रहो, सद्कर्म, सद्व्यवहार करते रहो, ये ही बस संग जाएंगे।
उपासना जरूरी है, 
सर्वांगीण विकास के लिए।
औरों की खातिर जियो, खुद के लिए जिए तो क्या जिए।

डॉ०; उषा पाण्डेय 'शुभांगी' 
स्वरचित
वैस्ट बंगाल 

No comments:

Post a Comment