Sunday, 15 November 2026

आतिशबाजी की चाल - गर्ग निशा दीपक्षम

आतिशबाजी की चाल - गर्ग निशा दीपक्षम

आतिशबाजी पटाखे की दुकान होने के कारण पिताजी सब सामान बेचने के बाद खूब लक्ष्मी इकट्ठी कर दीपावली वाले दिन बहुत लेट घर पहुंचे। मां और भाई दिन -भर पिताजी की सहायता करवाने हेतु दुकान पर ही रहे। मैं और छोटी दोनों ने घर संभाल रखा था घर में सारी सजावट और दीपावली के दीपक सब जगह लगा दिए थे।उनके घर आने पर परंपरा अनुसार हमने लक्ष्मी पूजन किया, मिठाइयां खाई तदुपरांत हम पटाखे- आतिशबाजी चलाने के लिए घर से बाहर आ गए, उस समय रात के 11:00 बज रहे थे।हम पटाखे चलाने लगे परंतु बोतल लाना तो भूल ही गए।वहीं पास में एक बुजुर्ग अपनी भैंस की देखरेख कर रहे थे और ठंड होने की वजह से वे उसे झोपड़ी के अंदर बांध रहे थे। मैंने उनसे कहा " दादा एक खाली बोतल है तो दे दो" तो उन्होंने कहा " बोतल तो मैं दे देता हूं पर तुम आतिशबाजी ना चलाओ कहीं मेरी झोपड़ी में आग ना लगा देना", हम तीनों ही फुदक कर बोले "ऐसा बिल्कुल नहीं होगा" परंतु जैसे ही हमने पटाखे चलाने शुरू किये,भाई जब आतिशबाजी को जलाकर भागा तो बोतल नीचे गिर गई और आतिशबाजी चल पड़ी,उसी तरफ जिधर उस बुजुर्ग का झोपड़ा था और वहां पहुंचते ही फूस का झोपड़ा होने की वजह उसने जल्दी आग पकड़ ली। हम तीनों भागे और फटाफट पानी गिराने लगे। बुजुर्ग सो चुके थे, वे हड़बड़ाहट में उठे। हम आग बुझाने में लगे थे,उस बुजुर्ग ने जल्दी से भैंस को झोपड़ी से बाहर किया।हम लगातार प्रयास कर रहे थे।कुछ मिनट बाद हमने आग पर काबू पा लिया पर  बुजुर्ग की जुबान पर काबू पाना हमारे बस से बाहर था फिर भी चालाकी दिखाते हुए मैं बोल उठी "दुनिया आतिशबाजी चला रही है,क्या पता किसकी आई होगी" जबकि अपराध बोध के चलते मेरे शब्द मेरा साथ नहीं दे रहे थे।हम उत्पाती बच्चों की भांति अपने आप को निर्दोष मानते हुए घर की तरफ बढ़ रहे थे परंतु उस बुजुर्ग के शब्द आतिशबाजी की चाल से हमारी और बढ़ते चले आ रहे थे..............
.         गर्ग निशा दीपक्षम 
.             पंजाबी प्रवक्ता 
.                    पंचकूला

No comments:

Post a Comment